
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
हल्द्वानी के चोरगलिया थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गजेपुर गांव निवासी 35 वर्षीय खनन कारोबारी कमलेश बेलवाल ने सोमवार देर रात अपने घर में लाइसेंसी पिस्टल से स्वयं को गोली मार ली। परिजन उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, घटना से पहले घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद हुआ था। बताया जा रहा है कि कहासुनी बढ़ने पर कमलेश ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिजन कमरे में पहुंचे, जहां वह खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पारिवारिक विवाद और घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
पारिवारिक कलह की आशंका: ग्राम प्रहरी और मृतक के रिश्तेदार दयाकिशन पांडे के अनुसार, शुरुआती जानकारी में पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। उन्होंने बताया कि मृतक का अच्छा-खासा कारोबार था और घर में किसी प्रकार की आर्थिक समस्या नहीं थी। कमलेश की तीन साल की एक बेटी भी है। एक अन्य परिजन ने बताया कि गोली की आवाज सुनते ही घर में अफरा-तफरी मच गई। जब लोग कमरे में पहुंचे तो कमलेश गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे और उनके सिर से खून बह रहा था। आशंका जताई जा रही है कि गोली सिर में लगी। पोस्टमार्टम हाउस में देर रात तक लोगों की भीड़ जुटी रही। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी
