अवैध कसीनो पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पूरी चौकी निलंबित

छापेमारी में 10 महिलाओं समेत 40 लोग गिरफ्तार

खबरों की दुनिया, देहरादून
ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से संचालित कसीनो पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 महिलाओं सहित कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में स्थानीय चौकी पुलिस की लापरवाही उजागर होने पर एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए आईडीपीएल चौकी प्रभारी विनय शर्मा समेत 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सीओ नीरज सेमवाल के अनुसार, शुक्रवार देर रात आईडीपीएल सिटी गेट के समीप स्थित नवरंग होटल में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान मौके से 1.35 लाख रुपये की नकदी, 3,356 कसीनो कॉइन, ताश की 26 गड्डियां और विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद की गई। पुलिस ने होटल को सील करते हुए आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में नौ आरोपी दिल्ली के निवासी हैं, जिनमें सात महिलाएं शामिल हैं, जबकि अन्य आरोपी ऋषिकेश और आसपास के इलाकों से हैं। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नियमित रूप से निगरानी और जांच के निर्देश दिए गए हैं। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें