
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी/रुद्रपुर
किच्छा बाईपास रोड स्थित भारत इंजीनियरिंग में भीषण अग्निकांड होने से करोड़ों के नुकसान का मामला सामने आया है। दमकल विभाग की गाड़ियों ने ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह 7 बजे फायर स्टेशन रुद्रपुर को सूचना मिली कि किच्छा बाईपास रोड स्थित भारत इंजीनियरिंग पुराना इंडस्ट्रीयल एरिया में भीषण आग लगी है। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी महेश चंद्र फायर फाइटर की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने शटर का ताला तोड़कर उठाया तो आग की लपटें आसमान छूने लगीं और देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी आगोश में ले लिया।
भीषण अग्निकांड पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियां घटनास्थल पहुंचीं और ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन आग ने करोड़ों का नुकसान कर दिया। उधर, गोदाम स्वामी सुनील सोनी ने बताया कि उनकी फर्म भारत इंजीनियरिंग विद्युत पैनल, एलईडी बल्ब, इलेक्ट्रिक वायर आदि का निर्माण करती है। गोदाम में निर्मित उत्पादों को रखा जाता है। अग्निकांड में करोड़ों का नुकसान होने का अनुमान है। सीएफओ, ऊधमसिंह नगर ईशान कटारिया के अनुसार सुबह सात बजे भारत इंजीनियरिंग में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पहुंची थीं और ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रथम दृष्टया अग्निकांड शॉर्ट सर्किट से लगने की संभावना है और नुकसान का सही आकलन व आग के वास्तविक कारण की तफ्तीश जारी है। बचाव कार्य के दौरान महिला फायर फाइटर गंगोत्री भी चोटिल हो गई हैं। फिलहाल वह बिल्कुल ठीक हैं।




