खबरों की दुनिया, नैनीताल
भीमताल विधानसभा क्षेत्र में तेंदुए द्वारा हमले की घटनाओं का सिलसिला लगातार जारी है। रविवार दोपहर खुटियाखाल गांव में 35 वर्षीय गंगा देवी पत्नी जीवन चंद्र पर तेंदुए ने हमला कर उसकी जान ले ली।
जानकारी के अनुसार, गंगा देवी घर के पास घास काट रही थीं, तभी पहले से घात लगाए तेंदुए ने उन पर हमला किया और उन्हें लगभग दो किलोमीटर घसीटते हुए जंगल में ले गया। ग्रामीणों और वन विभाग की टीम ने तुरंत खोज अभियान चलाया और महिला का शव जंगल से बरामद किया। घटना के बाद ग्रामीणों में गुस्सा और डर का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग को पहले से तेंदुए की सक्रियता की जानकारी थी, फिर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने आदमखोर तेंदुए को पकड़ने और क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। उल्लेखनीय है कि इस क्षेत्र में हाल ही में दो अन्य महिलाओं को भी तेंदुए ने अपना शिकार बनाया था। 26 दिसंबर 2025 को तल्ली दिनी गांव की हेमा देवी और 29 दिसंबर 2025 को चमोली गांव की रेखा देवी तेंदुए के हमले का शिकार हुई थीं।


