सड़क हादसे में घायल युवक का काटना पड़ा पैर

खबरों की दुनिया, सितारगंज

पीलीभीत से सितारगंज की ओर जा रहे बाइक सवार दो युवकों को एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज के दौरान पैर काटना पड़ा। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव काजरबोझी, जनपद पीलीभीत निवासी देवदत्त के अनुसार, 16 फरवरी को उनका पुत्र मोहन स्वरूप उर्फ राहुल अपने मित्र राजीव कुमार के साथ बाइक से पीलीभीत से सितारगंज जा रहा था। गांव बरुआबाग के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों युवक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने दोनों को उप जिला अस्पताल, सितारगंज पहुंचाया। मोहन की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बाद में बरेली के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 17 फरवरी को चिकित्सकों को उसकी जान बचाने के लिए एक पैर काटना पड़ा। फिलहाल मोहन की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें