कैंचीधाम बायपास 15 जून तक पूरा होगा: सतपाल महाराज

कैबिनेट मंत्री ने 1258.12 लाख रुपये की पांच योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया

खबरों की दुनिया, भीमताल

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने विकास भवन पहुंचकर लोक निर्माण विभाग की चार योजनाओं का शिलान्यास और एक योजना का लोकार्पण किया। इन पांच परियोजनाओं की कुल लागत 1258.12 लाख रुपये है। मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए 73वें संविधान संशोधन के तहत 11वीं अनुसूची में वर्णित 29 विषयों का हस्तांतरण किया जा रहा है। इसके तहत पूरे प्रदेश में नए पंचायत भवन बन रहे हैं और पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक 14,027 नए गांवों को सड़क मार्ग से जोड़ा गया है। साथ ही दीनदयाल उपाध्याय गृह-आवास (होम स्टे) विकास योजना के तहत 5,000 से अधिक होम स्टे पंजीकृत किए जा चुके हैं और 1,118 लोगों को लाभ मिल चुका है।

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा के दौरान महाराज ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कैंचीधाम बायपास निर्माण कार्य 15 जून तक पूरा किया जाए। 75 मीटर स्पान वाले पुल में किसी भी विलंब की स्थिति में अस्थायी वैली ब्रिज का इस्तेमाल करते हुए भी बायपास रोड समय पर चालू किया जाए। सिंचाई विभाग के लिए उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त गूलों और नहरों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए, क्योंकि पहाड़ों के विकास में सिंचाई विभाग की भूमिका अहम है। बैठक में विधायक सरिता आर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी और अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें