खबरों की दुनिया, पिथौरागढ़
पिथौरागढ़-थल मोटर मार्ग पर मुवानी के पास मंगलवार शाम सवारियों से भरी मैक्स अनियंत्रित होकर डेढ़ सौ फीट गहरी खाई में जा गिरी और बरसाती नाले में समा गई। इस भीषण दुर्घटना में आठ यात्रियों की मौत हो गई जबकि छह गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में दो सगी बहनों समेत तीन छात्राएं भी हैं। सभी मृतक और घायल बोकटा गांव के हैं। हादसे से पूरे गांव में कोहराम मचा है।
मुवानी कस्बे से यात्रियों को लेकर मैक्स मंगलवार शाम लगभग पांच बजे बोकटा गांव की ओर निकली। भंडारीगांव पुल के पास लगभग एक किलोमीटर आगे अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 150 फुट नीचे गिर गई। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में वाहन के परखचे उड़ गए और शव बाहर छिटक गए। लोगों के जरिसे बोकटा के ग्रामीणों को जानकारी मिली तो वे दुर्घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने खाई में उतरकर रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। आठ घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी। सभी को मुवानी अस्पताल ले जाया गया लेकिन आठ वर्षीय सिमरन और 40 वर्षीय चालक नरेंद्र सिंह ने भी दम तोड़ दिया। इसके बाद सभी छह घायलों को गंभीर हालत में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। हादसे में मृत दीक्षा पत्नी पंकज बोरा पिथौरागढ़ के चंडाक की रहने वाली थीं। वह हरेला पर्व पर मायके गई थीं। अन्य सभी मृतक बोकटा गांव के हैं।हादसे की सूचना के बाद एडीएम डॉ.योगेंद्र सिंह ने मुवानी पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। डीएम ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को उपचार के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश दिए। सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों के लिए की जा रही उपचार की व्यवस्थाओं को देखा। हादसे के सिमरन (8) पुत्री कुंदन सिंह, तनुजा (14) पुत्री चंद्र सिंह, विनीता (15) पुत्री चंद्र सिंह, चालक नरेंद्र सिंह (40) पुत्र चंद्र सिंह, राजेंद्र सिंह (60) पुत्र किशन सिंह, होशियार सिंह (65) पुत्र भीम सिंह, शान्ति देवी (50) पत्नी केशव राम, दीक्षा (26) पत्नी पंकज बोरा की मौत हो गई जबकि विनीता (20) पुत्री बहादुर सिंह बोकटा गांव, योगेश कुमार पुत्र किशन राम छात्र, श्याम सिंह मुनौला (35) पुत्र बहादुर सिंह, दीवान सिंह (55) पुत्र भीम सिंह, सुमित सिंह (22) पुत्र प्रवीण सिंह, पूजा मुनौला (30) पत्नी कुंदन सिंह मुनौला घायल हुए हैं।
हादसे पर मुख्यमंत्री ने शोक व्यक्त किया: देहरादून। पिथौरागढ़ हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने जिला प्रशासन और राहत-बचाव दलों को रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा कि घायलों को उचित व निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।




