खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
हल्द्वानी के गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए लेजेंड्स लीग क्रिकेट (एलएलसी) के दूसरे मुकाबले में इंडिया टाइगर्स ने रॉयल राइडर्स पंजाब को 20 रन से हरा दिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह से स्टेडियम में जबरदस्त माहौल देखने को मिला।
टॉस जीतकर रॉयल राइडर्स पंजाब ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। शुरुआत में इंडिया टाइगर्स की टीम दबाव में दिखी और 11 ओवर के भीतर ही उसके पांच विकेट गिर गए। इसके बाद मैदान पर उतरे पूर्व भारतीय खिलाड़ी पवन नेगी को देखकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। दर्शकों ने नेगी-नेगी, पवन नेगी के नारों से स्टेडियम गूंजा दिया।
पवन नेगी ने मैदान में आते ही आक्रामक बल्लेबाजी शुरू कर दी और चौके-छक्कों की बरसात कर दी। उनके साथ कुलदीप हुड्डा की जोड़ी ने शानदार साझेदारी करते हुए टीम की पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों की दमदार बल्लेबाजी की बदौलत इंडिया टाइगर्स की टीम निर्धारित ओवरों में 167 रन बनाने में सफल रही। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल राइडर्स पंजाब की टीम ने भी संघर्ष किया, लेकिन अंतिम समय में मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया। आखिरी ओवरों में पंजाब को 9 गेंदों में 31 रन की जरूरत थी, लेकिन इंडिया टाइगर्स की कसी हुई गेंदबाजी के सामने वह लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी और मुकाबला 20 रन से हार गई। मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने पहाड़ी गीतों पर जमकर डांस किया और पूरे मैच का भरपूर आनंद लिया।






