खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
साथियों के साथ काम से वापस घर लौट रहा होटल कर्मी को नैनीताल रोड पर स्कूटी सवार बैंक गार्ड ने टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर में दोनों बुरी तरह घायल हो गए। गार्ड का तो फिलहाल उपचार चल रहा है। जबकि होटल कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक मूलरूप से सूरी अल्मोड़ा निवासी खीम सिंह (44 वर्ष) पुत्र उच्छाप सिंह शीशमहल में गौला खनन गेट के पास रहता था। वह शीशमहल स्थित एक होटल में कार्यरत था। पुलिस के मुताबिक शनिवार रात करीब 11 बजे होटल का काम खत्म होने के बाद वह अपने साथियों के साथ पैदल घर की ओर लौट रहा था। तभी एक स्कूटी सवार की चपेट में आ गए। टक्कर बेहद जोरदार थी और टक्कर के बाद खीम सिंह मौके पर ही लगभग बेदम हो गए। जबकि स्कूटी सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में दोनों को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से खीम सिंह को एसटीएच रेफर कर दिया गया और यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं स्कूटी सवार के बारे में बताया जाता है कि वह पाल कॉलेज के पास रहने वाला 40 वर्षीय शंकर है, जो गंभीर रूप से घायल हुआ है। शंकर नरीमन स्थित एक बैंक का गार्ड है। काठगोदाम थानाध्यक्ष पंकज जोशी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी की जांच कर घटना के कारणों को तलाशा जा रहा है।




