सिक्योरिटी गार्ड का लटका मिला शव, सुसाइड नोट बताया फर्जी

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

थाना ट्रांजिट कैंप इलाके में एक 25 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड का लटका हुआ शव मिलने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया है। प्रारंभिक पड़ताल में यह चर्चा सामने आई है कि घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट में मृतक की राइटिंग नहीं है। बावजूद पुलिस ने सुसाइड प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बासखेड़ा पीलीभीत का रहने वाला 25 वर्षीय रंजीत कुमार दो साल पहले ट्रांजिट कैंप स्थित किराए के मकान में रहता था और सिडकुल की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। सोमवार की दोपहर एक बजे पुलिस को सूचना मिली कि युवक का शव लटका हुआ मिला है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया तो मृतक के भाई अंगन लाल ने बताया कि रविवार की दोपहर एक बजे भाई रंजीत से बात हुई थी तो उस वक्त ऐसा कुछ नहीं लगा कि भाई मानसिक अवसाद में है। वहीं घटनास्थल पर चर्चा यह है कि शव जमीन पर पड़ा हुआ था तो कुछ लोग लटका हुआ शव देखने की बात कह रहे हैं, जबकि दरवाजा भी खुला हुआ था। भाई का यह भी कहना था कि घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट में भाई रंजीत ने लिखा है कि वह खुदकुशी अपनी मर्जी से कर रहा है और खुदकुशी में किसी का कोई दोष नहीं है। पापा-मम्मी तुम खुश रहना। मृतक के भाई ने संदेह जताया कि सुसाइड नोट की राइटिंग उसके भाई की नहीं है। ऐसे में सुसाइड नहीं, बल्कि हत्या की प्रबल संभावना है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सुसाइड या फिर हत्या एंगल पर अपनी तफ्तीश शुरू कर दी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें