
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
हल्द्वानी की गल्ला मंडी में हुए युवक-युवती के निर्मम हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। सभी को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि घटना की रात शुभम टम्टा, गौरव नेगी उर्फ अक्कू, सौरभ भट्ट उर्फ भटिया, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव और दीपेश लटवाल उर्फ राज गल्ला मंडी क्षेत्र में पार्टी करने पहुंचे थे। सभी ने देर रात तक शराब पी। इसी दौरान पुरानी कहासुनी को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
पहले मारपीट, फिर पत्थर से कुचलकर हत्या
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि नशे की हालत में गाली-गलौज और हाथापाई हुई। विवाद बढ़ने पर तीन आरोपियों ने मिलकर पहले शुभम टम्टा को बेरहमी से पीटा और फिर पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राज खुलने के डर से युवती की भी हत्या
घटना का खुलासा होने के डर से आरोपियों ने साथ मौजूद युवती को भी पत्थरों से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया।
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में मारपीट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। दीपेश लटवाल उर्फ राज के खिलाफ मुखानी थाने में एनडीपीएस एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष)
पुत्र उमेश सिंह
निवासी – वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड धानमिल, हल्द्वानी
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया (20 वर्ष)
पुत्र विनोद चंद्र भट्ट
निवासी – तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास, बरेली रोड, हल्द्वानी
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव (20 वर्ष)
पुत्र नन्हू लाल शर्मा
निवासी – वसुंधरा कॉलोनी, बरेली रोड धानमिल, हल्द्वानी
दीपेश लटवाल उर्फ राज (25 वर्ष)
पुत्र बहादुर सिंह लटवाल
निवासी – उत्तरांचल विहार, बड़ी मुखानी पीलीकोठी, हल्द्वानी



