हल्द्वानी-अल्मोड़ा व पिथौरागढ़-मुनस्यारी हेली सेवा शुरू

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअली किया शुभारंभ, हवाई सेवाओं को सशक्त करने की योजनाएं भी बताईं

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी एवं पिथौरागढ़-मुनस्यारी-पिथौरागढ़ हवाई सेवा का वर्चुअली शुभारंभ किया। सीएम धामी ने कहा कि इन हवाई सेवाओं के शुरू होने से दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों का आवागमन सुगम होगा। अल्मोड़ा और मुनस्यारी राज्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक व पर्यटन नगर हैं। ये शहर प्राकृतिक सुंदरता, ऐतिहासिक मंदिरों और समृद्ध संस्कृति के लिए देश और दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। यहां हेली सेवा शुरू होने से पर्यटक अल्मोड़ा और मुनस्यारी तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इन सेवाओं से हल्द्वानी से अल्मोड़ा पहुंचने का समय 3-4 घंटे से घटकर महज कुछ मिनटों का रह जाएगा। इसी तरह पिथौरागढ़ से मुनस्यारी तक 5-6 घंटे लग जाते हैं, हवाई सेवा से यह यात्रा कुछ ही मिनटों में हो जाएगी। हेली सेवा शुरू होने से दोनों क्षेत्रों में पर्यटन एवं आर्थिक विकास को गति मिलेगी। राज्य में 18 हेलीपोर्ट्स से हेली सेवाओं संचालित होनी हैं, इनमें अब तक 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि हवाई संपर्क को सशक्त बनाने के साथ ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जौलीग्रांट और पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाओं के लिए विकसित करने की दिशा में काम हो रहा है। इधर, बुधवार को गौलापार स्थित हेलीपोर्ट से यात्री हेली सेवा से रवाना हुए।

 दिन में 2 बार संचालित होगी हेली सेवा : हल्द्वानी से अल्मोड़ा के लिए हेली सेवा सुबह 11:50 बजे एवं दोपहर 3:10 बजे चलेगी। जबकि अल्मोड़ा से हल्द्वानी के लिए यह सेवा दोपहर 12:50 बजे एवं सायं 4:10 बजे चलेगी। पिथौरागढ़ -मुनस्यारी -पिथौरागढ़ एवं हल्द्वानी-अल्मोड़ा-हल्द्वानी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में 7 दिन तथा प्रत्येक दिन दो बार संचालित होगी। पिथौरागढ़ से मुनस्यारी के लिए यह हेली सेवा सुबह 10:30 बजे एवं दोपहर 1:50 बजे चलेगी। वहीं मुनस्यारी से पिथौरागढ़ के लिए यह सेवा सुबह 10:50 बजे एवं दोपहर 2:10 बजे चलेगी। इन हवाई सेवाओं का किराया 2500 रुपये है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें