गैस किल्लत: रेस्टोरेंट बंद, पके खाने के दाम 30% तक बढ़े

खबरों की दुनिया, काशीपुर

कमर्शियल गैस सिलेंडरों की किल्लत ने रेस्टोरेंट्स की रसोई को पूरी तरह ठप कर दिया है। शहर के कई रेस्टोरेंट्स बंद हो गए हैं, और जिनके पास गैस का स्टॉक बचा है, उन्होंने पके खाने के दाम 30 प्रतिशत तक बढ़ा दिए हैं। हालात इतने बिगड़े हैं कि कई रेस्टोरेंट मालिक ग्राहकों को लौटाने को मजबूर हैं।

नगर निगम के शॉपिंग कॉम्पलेक्स स्थित पार्क रेस्टोरेंट के स्वामी सोनू जैन ने बताया कि दो दिन से उनका रेस्टोरेंट बंद पड़ा है। कस्टमर आ रहे हैं, लेकिन उन्हें वापस भेजना पड़ रहा है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति बुकिंग के बावजूद नहीं हो रही, उन्होंने कहा। छोटे ढाबा और रेस्टोरेंट संचालक भी मुश्किल में हैं। निजड़ा स्थित फैमिली रेस्टोरेंट के मालिक रवि बताते हैं कि उनके पास केवल दो सिलेंडर थे, जिसमें से एक खत्म हो गया। अब दो दिन से रेस्टोरेंट चलाना मुश्किल हो गया है। सबसे बड़ी परेशानी हमारे कर्मचारियों के खाने की है। सर्विस और पार्टियों की मांग देखते हुए शगुन गार्डन के स्वामी विजय रावत ने एक अनोखी तैयारी की है। उन्होंने मिट्टी का चूल्हा लगवाया है, जिसमें लकड़ी और कोयले से खाना बनाया जाएगा। ऐसा पहली बार देखने को मिल रहा है कि शहर के बड़े रेस्टोरेंट्स भी पारंपरिक तरीके से खाना पकाने पर मजबूर हैं।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें