
खबरों की दुनिया, देहरादून
राजधानी में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या, 15 दिन में दूसरी वारदात से दहश
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज घटना में गैस एजेंसी संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र के डाउनवाला इलाके में तिब्बती मार्केट के पास दो स्कूटी सवार बदमाशों ने 40 वर्षीय अर्जुन शर्मा को नजदीक से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार अर्जुन शर्मा आईटीबीपी क्षेत्र के निवासी थे और जीएमएस रोड पर ‘अमर दीप’ फर्म के नाम से भारत गैस एजेंसी का संचालन करते थे। वे प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह भी तिब्बती मार्केट के सामने स्थित परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने गए थे। खेल खत्म करने के बाद जब वह घर लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए स्कूटी सवार दो युवकों ने उन्हें निशाना बनाया और करीब से गोली मारकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे रंजिश या अन्य कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
राजधानी में महज 15 दिनों के भीतर दूसरी हत्या की घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।






