
खबरों की दुनिया, चंपावत
कुमाऊं मंडल विकास निगम की गैस एजेंसी, चंपावत के प्रबंधक डीएस रावत का सोमवार को अचानक निधन हो गया। घटना की जानकारी मृतक के साले राजेंद्र सिंह बोरा ने दी।
बोरा के अनुसार, रावत सोमवार शाम तक सामान्य रूप से कार्यों में व्यस्त थे। करीब 6:30 बजे उन्होंने फोन पर बताया कि वे जिला अस्पताल में भर्ती अपने मामाजी को डिस्चार्ज करवा रहे हैं और उन्हें घर तक छोड़ आए। लगभग एक घंटे बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उन्होंने पेट में तेज दर्द की शिकायत की। परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले गए, लेकिन उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। बोरा ने लोगों से अपील की है कि मौत के कारणों को लेकर अटकलें न लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। रावत के निधन के बाद चंपावत की इंडेन गैस एजेंसी का कामकाज ठप हो गया है। गैस एजेंसी के गेट पर ताला जड़ दिया गया है और आपूर्ति न होने की सूचना पोस्टर के माध्यम से दी गई है, जिससे स्थानीय लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

