40 मिनट में ढहा चार दशक पुराना अतिक्रमण, ऊंचापुल पर चला बुलडोजर

सड़क चौड़ीकरण के लिए प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

शहर के ऊंचापुल क्षेत्र में सरकारी भूमि पर लगभग चार दशक से बने अतिक्रमण को गुरुवार को प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। करीब 40 मिनट चली इस कार्रवाई में दो मंजिला अवैध इमारत पूरी तरह जमींदोज हो गई।

जानकारी के अनुसार ऊंचापुल में नहर के पास राजस्व विभाग की भूमि पर करीब 40 वर्ष पहले अतिक्रमण कर पहले फड़-खोखे लगाए गए थे। समय के साथ यहां स्थायी दुकानें बन गईं और बाद में दो मंजिला इमारत खड़ी कर दी गई। वर्तमान में उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी द्वारा कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसके दायरे में यह इमारत भी आ रही थी। प्रशासन की ओर से पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। पिछले शुक्रवार को भी टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से आंशिक कार्रवाई करते हुए स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के बावजूद अवैध निर्माण नहीं हटाया गया।

इसके बाद गुरुवार को सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और नगर आयुक्त परितोष वर्मा के नेतृत्व में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम बुलडोजर के साथ मौके पर पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए यातायात रोका गया और अवैध इमारत को ध्वस्त कर दिया गया।

बताया गया कि इस दो मंजिला इमारत में करीब 10 दुकानें संचालित हो रही थीं, जिन्हें पहले ही खाली करने का नोटिस दिया जा चुका था। सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अवैध निर्माण को हटाया गया है। अब कालाढूंगी रोड के चौड़ीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें