
खबरों की दुनिया, रामनगर
होली के मद्देनजर खाद्यों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा उपायुक्त डॉ. राजेन्द्र सिंह कठायत के नेतृत्व में प्रवर्तन टीम ने शुक्रवार को रामनगर के हल्दुआ चेक पोस्ट पर स्वार, रामपुर, मुरादाबाद, गजरौला आदि क्षेत्रों से आने वाले तीन दर्जन से अधिक वाहनों की चेकिंग की।
इस दौरान संदेह के आधार पर दूध, दूध से बने पदार्थों व अन्य खाद्यों के 9 नमूने जांच के लिए भेजे गए। इनमें दूध के तीन, पनीर के दो, ब्रेड के दो व रस्क व नमकीन का एक-एक नमूना शामिल है जिन्हें जांच के लिए खाद्य सुरक्षा की लैब भेजा जा रहा है। वहीं मानकों के अनुसार नहीं मिलने पर स्वार व मुरादाबाद से आ रहे 50 किलो पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया गया। तीन खाद्य कारोबारियों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने पर नोटिस दिए गए। उन्होंने स्थानीय व्यापारियों से अपील की है कि बाहरी राज्यों से सिर्फ पंजीकृत खाद्य कारोबारी से ही माल क्रय करें एवं क्रय-विक्रय का दैनिक रिकॉर्ड भी मेंटेन करें। इस दौरान एसी अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खां रहे।


