
खबरों की दुनिया, कालाढूंगी
कालाढूंगी में गुरुवार की रात को दो पक्षों में हुई तकरार के बाद फायरिंग हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से क्षेत्र थर्रा गया। नया गांव तिराहे के पास हो रही रामलीला मैदान के बाहर रामनगर-कालाढूंगी हाईवे में पेट्रोल पंप में पुलिस कर्मियों के सामने हुई फायरिंग से रामलीला देख रहे भक्तों में भगदड़ मच गयी। गोलियों की तड़तड़ाहट सुन लोग जान बचाकर भागने लगे। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त विवरण के अनुसार दो दिन पहले रामलीला मैदान में हुई मारपीट को लेकर विवाद चल रहा था। जिसके बाद दोनों पक्षों में समझौता भी हाे गया था। मगर गुरुवार की रात को विवाद इतना बढ़ गया कि नयागांव तिराहे में चल रही रामलीला मैदान के बाहर दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने हो गए। यहां सुरक्षा के मद्देनजर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने ही फायरिंग व पथराव होने लगा। जिससे रामलीला देखने आये लोग दहशत में आ गए। लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। जिसके बाद प्रभारी निरीक्षक पंकज जोशी मय फोर्स के घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। शुक्रवार सुबह पुलिस ने मौके पर घटनास्थल का निरीक्षण कर पेट्रोल पंप से डीवीआर को कब्जे में ले लिया। सुबह रामलीला मैदान फायरिंग की सूचना पर मौके पर क्षेत्र जनप्रतिनिधि व ग्रामीण भी पहुंच गये। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर बहस हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया। सामाजिक कार्यकर्ता गंगा सामंत ने पुलिस को चार लोगों के खिलाफ तहरीर देकर बताया कि वह अपने परिवार के साथ रामलीला देख रहे थे। तभी कुछ आराजकतत्वों ने मंचन में बांधा डालने की कोशिश की। रोकने पर अवैध हथियारों लैंस लोगों ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की और पूरे पहाड़ी समाज को गाली दी गई। जिससे रामलीला मंचन कर रहे क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल बना है। वहीं जिपंस. अरनव कंबोज ने दो नामजद व अन्य के खिलाफ तहरीर सौंप बताया कि वह परिवार के साथ धमोला रामलीला से लौट रहे थे। तभी नयागांव तिराहे में पेट्राेल पंप के पास उनके वाहन को रोक कर उनकी कार पर फायरिंग करने के साथ ही जानलेवा हमला किया गया। दोनों पक्षों ने कार्रवाई की मांग की है। मामले में प्रभारी निरीक्षक पंकज जोशी के अनुसार दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पेट्रोल पंप की डीवीआर कब्जे में ली गई है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






