काशीपुर में तीन दुकानों में आग, लाखों का माल राख

फायर कर्मियों ने बमुश्किल आग पर पाया काबू

खबरों की दुनिया, काशीपुर

शहर के व्यस्त इलाके महाराणा प्रताप चौक के पास अज्ञात कारणों से तीन दुकानों में आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अग्निकांड में दुकानों में रखे लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।

शनिवार तड़के सुबह करीब सवा छह बजे एमपी चौक के पास साइकिल रिपेयरिंग और टायर पंक्चर की दुकानों से अचानक चिंगारी और धुआं उठता देखा गया। मौके पर मौजूद राजीव अरोरा उर्फ बच्चू और पास में जूस का ठेला लगाने वाले युवक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। तब तक फल की दुकान में भी आग फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दुकानों में रखे साइकिल के टायर-ट्यूब, अन्य मरम्मत का सामान और फल की दुकान में रखी प्लास्टिक की क्रेट समेत अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। बताया जा रहा है कि दुकानों के स्वामी अनिल शर्मा और सोम शर्मा बहन की तेरहवीं में शामिल होने के लिए दिल्ली गए हुए थे। आग लगने की सूचना मिलने के बाद वे काशीपुर पहुंचे। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि नुकसान का आंकलन कर मुआवजे के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। वहीं आग लगने की सूचना मिलने पर मेयर दीपक बाली मौके पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मेयर ने आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने अपनी ओर से तत्काल 50 हजार रुपये की निजी सहायता देने की घोषणा की। मेयर बाली ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता कर आग में हुए नुकसान का वास्तविक आंकलन करने और शासन से सहायता राशि अनुमन्य कराने के निर्देश भी दिए। पीड़ित दुकानदार अनिल शर्मा ने बताया कि अग्निकांड में उनका लगभग चार-पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें