
खबरों की दुनिया, किच्छा
हल्द्वानी से बरेली जा रही रोडवेज की बस में पुलभट्टा थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय बस में 16 यात्री मौजूद थे।सूचना के अनुसार, बस संख्या यूपी 27 टी 9696 हल्द्वानी से बरेली के लिए रवाना हुई थी। बरेली मार्ग स्थित सूरजमल यूनिवर्सिटी के सामने अचानक बस में आग लग गई, जिसकी संभावना शॉर्ट सर्किट के चलते जताई जा रही है। बस चालक की सूझबूझ और सतर्कता के कारण आनन-फानन में सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों और फायर उपकरण का उपयोग कर आग बुझाई। इस दौरान दमकल टीम प्रभारी मदन सिंह रावत के नेतृत्व में फायरमैन भवान सिंह, फायरमैन प्रमोद सोन और संविदा कर्मी धीरज राणा मौके पर पहुंची। दमकल टीम के आने से पहले ही आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा बच गया। घटना में बस की पूरी वायरिंग जलकर नष्ट हो गई। बस खराब होने के कारण सभी यात्रियों को दूसरी बस में बिठाकर बरेली के लिए रवाना किया गया।



