ड्यूटी पर जा रही महिला कर्मी पर हमला, छेड़खानी

अस्पताल के कर्मचारी महिला के साथ पहुंचे कोतवाली

खबरों की दुनिया, रामनगर

ड्यूटी पर जा रही एक महिला संविदा कर्मचारी पर अज्ञात युवक ने हमला कर छेड़खानी की। घटना के बाद पीड़ित महिला और अस्पताल की अन्य महिला कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।

घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। रामनगर के सरकारी अस्पताल में संविदा पर तैनात एक महिला कर्मचारी सुबह घर से ड्यूटी के लिए अस्पताल जा रही थी। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर रेलवे पटरी के पास एक अज्ञात युवक ने पीछे से उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने महिला का मुंह दबाकर उसे नीचे गिरा दिया और उसके साथ छेड़खानी करते हुए मारपीट करने लगा। इस दौरान आरोपी ने महिला का मोबाइल फोन भी छीन लिया। महिला ने साहस दिखाते हुए किसी तरह खुद को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इस बीच युवक उसका फोन फेंककर मौके से फरार हो गया। पीड़िता ने तुरंत फोन उठाकर अस्पताल स्टाफ को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी मौके पर पहुंचे और डरी-सहमी महिला को अस्पताल ले आए, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें