
खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर में बधाई के नाम पर अवैध वसूली करने वाले दो फर्जी किन्नरों को किन्नर समाज ने स्वयं पकड़ लिया। मामला सोमवार का है, जब कोसी बैराज के समीप स्थित पार्क में दो संदिग्ध व्यक्ति खुद को किन्नर बताकर लोगों से पैसे मांगते पाए गए।
रामनगर किन्नर समाज की गुरु रेशमा ने बताया कि दोनों व्यक्तियों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में असहजता फैल रही थी। सूचना मिलने पर किन्नर समाज के सदस्य मौके पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की। जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों का किन्नर समाज से कोई संबंध नहीं है। पूछताछ के दौरान उन्होंने स्वयं को भदोही जिले का निवासी बताया। गुरु रेशमा के अनुसार, ये लोग इससे पहले रोडवेज बस स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लोगों से पैसे मांग चुके थे। बधाई के नाम पर जबरन वसूली जैसी गतिविधियों से किन्नर समाज की छवि को नुकसान पहुंच रहा था, जिसे देखते हुए समाज ने तत्काल कार्रवाई की। किन्नर समाज के सदस्यों ने दोनों फर्जी किन्नरों को सख्त चेतावनी देते हुए रामनगर क्षेत्र से बाहर भेज दिया और दोबारा इस तरह की गतिविधियों में शामिल न होने की हिदायत दी। साथ ही उन्हें वापस भदोही रवाना किया गया। गुरु रेशमा ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति किन्नर बनकर वसूली करता दिखाई दे, तो इसकी सूचना किन्नर समाज को दें, ताकि समाज को बदनाम करने वाले ऐसे तत्वों पर रोक लगाई जा सके।



