खबरों की दुनिया, नैनीताल
दिल्ली से नैनीताल घुमने आ रही युवती के साथ नशे में धुत टैक्सी चालक ने अपहरण कर उसके साथ छेड़खानी करने के साथ ही दुराचार का प्रयास किया। विरोध करने पर मारपीट भी की। युवती ने जंगल में सड़क किनारे कलमठ में छिपकर जान बचाई। रात के अंधेरे में वह नहीं मिली तो टैक्सी चालक फरार हो गया।सुबह होने पर एक स्थानीय महिला की मदद से पुलिस तक पहुंची। पुलिस ने अज्ञात टैक्सी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के साथ ही पुलिस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, साथ ही बीडी पाण्डे अस्पताल में युवती का मेडिकल परीक्षण कराया गया।
जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी युवती बीती रात करीब 12 बजे हल्द्वानी से नैनीताल आ रही थी। युवती टैक्सी में अकेली थी। जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर हल्द्वानी रोड पर टैक्सी चालक ने कार हाइवे के बजाय आड़ूखान को जाने वाली लिंक रोड की ओर से मोड़ दी और आगे जाकर रोक दी, इसी बीच उसने युवती के साथ छेड़खानी शुरू कर दी तो युवती ने विरोध किया तो उसने युवती के साथ मारपीट की। युवती डर से जंगल की ओर भाग गई, हो हल्ला करने पर टैक्सी चालक फरार हो गया। घटना के बाद डरी युवती ने पूरी रात जंगल में बिताई। शुक्रवार सुबह आडू़खान की महिला जब नैनीताल की ओर से आ रही थी तो युवती की नजर पड़ गई। इसके बाद महिला ने उसे पुलिस थाने पहुंचाया। सूचना पर तल्लीताल एसओ मनोज नयाल, एसआइ बबीता, एसआइ सतीश उपाध्याय ने युवती की तहरीर पर अज्ञात टैक्सी चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने के साथ ही युवती का बीडी पाण्डे अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। एसओ ने बताया कि आरोपित चालक की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।




