मामा की शादी में गए बालक का संदिग्ध अवस्था में तालाब में मिला शव

बच्चे के शरीर में घाव व गुप्तांग में खून मिलने पर दरिंदगी की आशंका

खबरों की दुनिया, लालकुआं

परिवार के साथ ननिहाल में मामा की शादी में यूपी के मऊ गए बिंदुखत्ता निवासी 5 वर्षीय बालक का संदिग्ध अवस्था में घर के समीप स्थित तालाब में शव बरामद होने से हड़कंप मच गया। शनिवार को गौला नदी में बच्चे के शव काे दफनाते वक्त परिजनों को उसके शरीर में घाव एवं गुप्तांग में रक्त दिखाई देने पर उसके साथ हुई दरिंदगी का पता चला। जिसके बाद परिजन बच्चे का शव लेकर लालकुआं कोतवाली पहुंचे और उसका पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने परिजन की तहरीर पर जीरा एफआईआर दर्ज कर ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां इन्द्रा नगर-1 बिदुखत्ता निवासी संजय सिंह की पत्नी स्वेता सिंह एवं पुत्र अयांश सिंह अपने मामा की शादी के कार्यक्रम पर भाग लेने कटिहारी (बढ़कापुरा) तहसील-बोस जिला-मऊ, उत्तर प्रदेश गए हुए थे। बच्चे के पिता संजय सिंह के अनुसार बीती दिनांक 27 फरवरी को दोपहर लगभग 12 बजे जब अयांश घर पर नहीं दिखा तो उसकी मां स्वेता सिंह, मामा अतुल शाही और वहां आए हुए मेहमानों ने अयांश की खोज शुरू की। दोपहर 1 बजे के आसपास उनके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब में अयांश का शव उतराता मिल गया। उक्त घटना से परिवार में कोहराम मच गया। उस वक्त सभी ने सोचा कि संभवत अयांश की तालाब में डूबने से मौत हो गई, उसके बाद वह अयांश के शव को लालकुआं ले आ गए। शनिवार सुबह जैसे ही बच्चे के शव को अंतिम संस्कार के लिए गौला नदी में ले गए तो उन्होंने देखा कि मृत बच्चे के शरीर में चोट के निशान थे और गुप्तांग से खून बहा था। इसके बाद उन्होंने शव के पोस्टमार्टम का निर्णय लिया, शव को कोतवाली में लाने के बाद घटना की तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर हल्द्वानी में पोस्टमार्टम कराया। देर शाम गमगीन माहौल में बच्चे का शव दफना दिया गया है।

पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पीड़ित परिवार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित थाना क्षेत्र को भेजने की कार्यवाही की जा रही। -ब्रजमोहन सिंह राणा, प्रभारी निरीक्षक, कोतवाली

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें