डीडीहाट किताब कौतिक में उमड़ी पुस्तक प्रेमियों की भीड़

रंगमंच, फिल्म, हस्तशिल्प, तकनीक और विज्ञान, लोक संस्कृति का रहा समावेश

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

किताब कौतिक अभियान के तहत 14वां पुस्तक मेला पिथौरागढ़ जिले के ऐतिहासिक शहर डीडीहाट में संपन्न हुआ। इस आयोजन को सफल बनाने में डीडीहाट नगरपालिका, यूथ सोसायटी डीडीहाट, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान पिथौरागढ़ (डीडीहाट) और रामलीला समिति के साथ स्थानीय जनता का अमूल्य सहयोग मिला। टीम क्रिएटिव उत्तराखंड द्वारा दूरस्थ इलाकों में रचनाशीलता को बढ़ावा देने और नए पर्यटन स्थलों को मुख्यधारा में लाने के अपने उद्देश्यों से किया जा रहा यह आयोजन इस बार “पहाड़ में स्वरोजगार” थीम पर केंद्रित किया गया था।

साहसिक खेल, पर्यटन, बागवानी, पर्यावरण, रंगमंच, फिल्म, हस्तशिल्प, तकनीक और विज्ञान, लोक संस्कृति जैसी बहुआयामी गतिविधियों के संचालन के साथ यह मेला ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। 1 से 5 जून तक जीआइसी डीडीहाट में कक्षा 6,7,8 के बच्चों के लिए बाललेखन कार्यशाला हुई। बालप्रहरी पत्रिका के सम्पादक उदय किरौला जी द्वारा संचालित इस कार्यशाला में डीडीहाट के 12 स्कूलों के 100 से अधिक बच्चे शामिल हुए। इन सभी बच्चों ने 100 हस्तलिखित पुस्तकें, नुक्कड़ नाटक, समूह गीत तैयार किए। अपनी रचनात्मकता को बच्चों ने किताब कौतिक के दौरान स्टाल लगाकर प्रस्तुत किया।

विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों द्वारा डीडीहाट के स्कूलों में करियर काउंसलिंग सत्र किए गए। ललित सिंह पोखरिया ने अभिनय और रंगमंच, मेनका गुंज्याल ने साहसिक खेल, डॉ. राजेश्वरी कापड़ी ने एनसीसी और शिक्षा से जुड़े अनुभव, शांतनु शुक्ला ने विविध रोजगार संभावना, अतुल किशोर ने विधिक क्षेत्र, उदय किरौला ने साहित्य, लखपत सिंह रावत ने वन्यजीवों के विषय में जानकारी दी। डायट, जीआइसी, जीजीआइसी, ग्लोरियल, विद्यासागर, शिखर, अभिलाषा और विवेकानंद सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में यह जानकारीपरक सत्र आयोजित हुए। 6 जून (शुक्रवार) को बाजार के मध्य स्थित रामलीला मैदान में डीडीहाट किताब कौतिक का शुभारंभ पद्मश्री सम्मान से अलंकृत लोकगायिका बसंती बिष्ट, नगरपालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल, डी, एस. पांगती, देव सिंह पोखरिया, ललित पोखरिया सहित अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन और भगवद-स्तुति के साथ हुआ। हजारों किताबों, हस्तशिल्प, अत्याधुनिक तकनीक – विज्ञान और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी के लिए शहर के सभी विद्यालयों के बच्चों और आम जनता में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखा गया। बेड़ीनाग के पर्यटन व्यवसायी तरुण माहरा द्वारा आयोजन स्थल के निकट ही एक चार मंजिला भवन में निशुल्क रैपलिंग करवाई गई। 2 दर्जन से अधिक युवाओं ने पहली बार इस साहसिक गतिविधि का रोमांचकारी अनुभव प्राप्त किया। मशहूर पैराग्लाइडर शंकर सिंह के निर्देशन में मनीष मखोलिया ने गंगोलीहाट से उड़ान भरकर डीडीहाट शहर के ऊपर पैराग्लाइडिंग का प्रदर्शन किया। जीजीआईसी और अभिलाषा अकैडमी के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। सायंकालीन सत्र में पद्मश्री बसंती बिष्ट ने “उत्तराखंड के लोकगीतों में श्रीकृष्ण” विषय पर अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति में व्याख्यान के साथ साथ लोकनृत्य और स्थानीय भाषा के गीतों का मनमोहक समावेश था। मंच संचालन संजू पंत ने किया। यहां किशन सिंह मलड़ा, संयोजक हेम पंत आदि मौजूद रहे।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य