खबरों की दुनिया, कालाढूंगी
सरोवर नगरी नैनीताल से घूमकर लौट रहे उत्तर प्रदेश के पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी से टकरा गई। हादसे में दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को एसटीएच रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर शाम करीब 7 बजे कालाढूंगी-नैनीताल मोटर मार्ग पर नगर से करीब ढाई किलोमीटर दूर रिया मिट्टी के पास कार के ब्रेक फेल होने के बाद वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। कार में एयरबैग खुलने से बड़ा हादसा टल गया। राहगीरों की मदद से घायलों को कार से निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी कालाढूंगी पहुंचाया गया।
हादसे में राजेश चक्रवर्ती (53) पुत्र दुर्गा प्रसाद, चन्द्रमा देवी पत्नी राजेश चक्रवर्ती निवासी रेलवे हरसला कालौनी मुरादाबाद, चन्द्रावती (78) पत्नी स्व. बलवीर सिंह, चन्द्राकिरण (67) पत्नी स्व राजपाल, चन्द्रप्रभा (65) पत्नी जसराज सिंह घायल हो गये। चन्द्रावती व चन्द्रादेवी को अधिक चोट लगने के कारण हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। पर्यटक शुवम सिंह ने बताया कि सभी आपस में रिश्तेदार हैं। कैंची धाम व नैनीताल घूमकर वापस लौट रहे थे। वहीं चालक राकेश शर्मा ने बताया कि रास्ते में थोड़ी देर के लिए कार को रोका था। उसके बाद चार मोड़ पार कर कई बार ब्रेक लगाये। ब्रेक नहीं लगने पर वाहन को पहाड़ी से टकरा दिया। एसआई जयवीर सिंह ने बताया कि हादसे में पांच पर्यटक घायल हुए हैं और मामले की जांच की जा रही है।


