सोता रहा पार्षद का परिवार, घर में घुसा नकाबपोश

शोर मचाने पर भाग खड़ा हुआ संदिग्ध

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में भाजपा पार्षद के घर नकाबपोश के घुसने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि परिवार की एक महिला के शोर मचाने पर संदिग्ध मौके से भाग खड़ा हुआ। इसके अलावा भाजपा पार्षद ने तहरीर देकर यह भी आरोप लगाया है कि कुछ दिन पहले कुछ युवकों ने उनकी कार पर लगे भाजपा के स्टीकर पर चप्पल मारी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार वार्ड-7 आजाद नगर के भाजपा पार्षद कैलाश राठौर ने तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार रात उनका परिवार खाना खाकर सो रहा था। इसी दौरान एक नकाबपोश संदिग्ध बाहर की सीढ़ी लांघकर घर के अंदर घुस आया और कमरे की ओर बढ़ने लगा। कमरे के दरवाजे की आहट होते ही उनके भाई की पत्नी की आंख खुल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। शोर सुनकर घबराया संदिग्ध छत से कूदकर फरार हो गया।काफी खोजबीन के बाद भी संदिग्ध का कोई सुराग नहीं लग सका। भाजपा पार्षद ने तहरीर में यह भी बताया कि करीब एक सप्ताह पहले उनका छोटा भाई कार पार्क करने जा रहा था, तभी कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया था। आरोप है कि युवकों ने हाथापाई करने के बाद कार पर लगे भाजपा के स्टीकर पर चप्पल भी मारी थी। पार्षद ने जानमाल का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें