खबरों की दुनिया, नैनीताल
जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच मचे घमासान का न्याय के देवता गोहत्या के दरबार तक पहुंच गया है। कांग्रेस ने सदस्यों के अपहरण के मामले में नैनीताल हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले न्याय के देवता माने जाने वाले गोल्ज्यू महाराज और कैंची धाम के महंत नीम करोली बाबा से गुहार लगाई है। कांग्रेस ने प्रार्थना कर कहा कि भगवान ही उन्हें इस राजनीतिक संघर्ष में सच्चा न्याय दिला सकते हैं। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने रविवार को गोल्ज्यू देवता के मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और कांग्रेस के पक्ष में न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार भगवान गोलू देवता को न्याय का देवता कहा जाता है, उसी प्रकार आज जब कांग्रेस लोकतंत्र की लड़ाई लड़ रही है, तब वे भी जनता और ईश्वर दोनों से न्याय की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता के दुरुपयोग से लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार कर रही है, लेकिन सत्य की जीत अवश्य होगी। यशपाल आर्य ने कैंची धाम के नीम करोली बाबा की शरण में भी प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि बाबा का आशीर्वाद सदैव धर्म और सत्य के पक्ष में रहता है।





