मुंह में चांदी छिपाकर चोरी करता कंपनी कर्मी पकड़ा

170 ग्राम चांदी बरामद, कीमत करीब 70 हजार

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर

थाना पंतनगर क्षेत्र स्थित सिडकुल में एक कंपनी कर्मी को मुंह में चांदी छिपाकर चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। सुरक्षा कर्मियों ने आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिडकुल पंतनगर स्थित मेटल प्लांट में तैनात सिक्योरिटी हेड रजनीश पाल ने बताया कि 29 जनवरी की सुबह करीब साढ़े सात बजे वह मुख्य गेट पर सिक्योरिटी ऑफिसर के साथ नियमित जांच ड्यूटी पर थे। इसी दौरान कर्मचारियों की तलाशी ली जा रही थी।
तलाशी के दौरान अरविंद कुमार निवासी ग्राम बकैनिया जैतीपुर, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) पर संदेह हुआ। आधुनिक जांच उपकरण से जब उसकी जांच की गई तो पाया गया कि वह अपने मुंह में करीब 170 ग्राम चांदी का टुकड़ा छिपाकर बाहर ले जाने का प्रयास कर रहा था। बरामद चांदी की कीमत लगभग 70 हजार रुपये बताई जा रही है।
सूचना पर सिडकुल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें