मुख्य सचिव ने भवाली-रातिघाट बाईपास और श्री कैंचीधाम में निर्माण कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण

जून से पहले बाईपास चालू करने के निर्देश

खबरों की दुनिया, नैनीताल

नैनीताल जनपद के भ्रमण पर पहुंचे मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नव-निर्मित भवाली बाईपास, भवाली-रातिघाट बाईपास, श्री कैंचीधाम मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों तथा नैनीताल मालरोड में भू-धंसाव की रोकथाम हेतु किए जा रहे सुरक्षात्मक कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव ने अपने भ्रमण के दौरान कैंचीधाम बाईपास (सैनिटोरियम-रातिघाट) मार्ग का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।

पर्यटन सीजन से पहले सुचारू हो यातायात

मुख्य सचिव ने लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को निर्देश दिए कि भवाली-रातिघाट बाईपास का कार्य तेजी से पूरा करते हुए पर्यटन सीजन से पहले इस मार्ग पर यातायात सुचारू किया जाए। उन्होंने कहा कि जब तक स्थायी मोटर पुल का निर्माण नहीं हो जाता, तब तक वैकल्पिक रूप से वैली ब्रिज स्थापित कर यातायात चालू कराया जाए।

श्रद्धालुओं को मिले बेहतर सुविधाएं

मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जून माह से पहले सभी कार्य पूर्ण कर बाईपास को चालू किया जाए। उन्होंने कहा कि विश्व प्रसिद्ध श्री कैंचीधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करना आवश्यक है, ताकि जाम से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालु यहां आते हैं, इसलिए ट्रैफिक प्रबंधन और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

निर्माण कार्यों की प्रगति

लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी.एस. बृजवाल ने बताया कि भवाली सैनिटोरियम से रातिघाट तक 18.15 किमी लंबी बाईपास सड़क में से 8 किमी का निर्माण पूर्ण हो चुका है, जिस पर यातायात सुचारू है। इस परियोजना के लिए 12 करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे। शेष 10.15 किमी हिस्से में पहाड़ कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जिसके लिए 5.06 करोड़ रुपये की धनराशि मिली थी। वर्तमान में 9.81 करोड़ रुपये की लागत से कलमठ, सुरक्षा दीवारों और अन्य सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। रातीघाट में इस बाईपास को भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए 74.15 मीटर स्पान का मोटर पुल बनाया जा रहा है, जिसके लिए 9.63 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं।

भवाली बाईपास और पुल का निरीक्षण

मुख्य सचिव ने सैनिटोरियम से भवाली-अल्मोड़ा मार्ग तक 10 करोड़ रुपये की लागत से बने भवाली बाईपास तथा शिप्रा नदी पर बने 30 मीटर स्पान के डबल लेन मोटर पुल का भी निरीक्षण किया। यह मार्ग अब यातायात के लिए खुल चुका है। उन्होंने कहा कि इस बाईपास से भवाली बाजार में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी और पर्यटन सीजन में आवागमन सुगम होगा।

कैंचीधाम में विकास कार्य

मुख्य सचिव ने कैंचीधाम में मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 40.81 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कार्यों—जैसे मल्टीलेवल पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर, पाथवे और पैदल सेतु—का निरीक्षण किया। इसके अलावा स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत 17.59 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे फैसिलिटेशन सेंटर और अन्य कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित हो तथा प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाए जाएं। इस संबंध में जिलाधिकारी को पुलिस और संबंधित विभागों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा गया।

मालरोड में भू-धंसाव रोकने के निर्देश

मुख्य सचिव ने नैनीताल की लोअर मालरोड में 2018 में हुए क्षतिग्रस्त हिस्से के मरम्मत कार्य तथा झील की ओर से हो रहे भू-धंसाव की रोकथाम के लिए 3.48 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें