हल्द्वानी में दिनदहाड़े महिला से चेन चोरी, भगवान की तस्वीर दिखाकर किया गुमराह

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

हल्द्वानी में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला हरिपुर जमन सिंह इलाके का है, जहां दिनदहाड़े स्कूटी सवार दो युवकों ने भगवान की तस्वीर दिखाकर महिला को भ्रमित किया और उसके कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार हो गए। इस घटना के बाद क्षेत्र की महिलाएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

हल्द्वानी कोतवाली इलाके में इससे पहले भी चेन स्नेचिंग की कई घटनाएं हो चुकी हैं। बीच बाजार में एक युवक ने महिला के गले से मंगलसूत्र झपटने का मामला भी दर्ज है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पीड़िता नरमा ने बताया कि 24 फरवरी की दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर के बरामदे में खड़ी थी। उनका घर सड़क के किनारे स्थित है। उसी समय नीली स्कूटी पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। एक युवक ने भगवान की तस्वीर दिखाकर महिला का ध्यान भटकाया, जबकि दूसरा अचानक झपट्टा मारकर उसकी दोनों कान की सोने की बालियां लेकर भाग गया। हल्द्वानी कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और स्कूटी के नंबर के आधार पर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें