खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर-काशीपुर मार्ग पर मंगलवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में महिला पर्यटक समेत तीन लोग घायल हो गए। यह घटना रामनगर से लगभग दो किलोमीटर दूर रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां तेज गति से आ रही एक अनियंत्रित कार ने जिप्सी को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार महिला पर्यटक शेफाली चावला अपने परिवार के साथ जिप्सी में फाटो पर्यटन जोन से लौट रही थीं। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने जिप्सी को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि टक्कर से पहले कार ने 2-3 बाइक को भी टक्कर मारी थी।इनमें से एक बाइक पर सवार विकास और प्रताप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के तुरंत बाद घायलों को रामनगर स्थित निजी अस्पताल बृजेश हॉस्पिटल ले जाया गया। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. अभिषेक अग्रवाल के अनुसार महिला पर्यटक शेफाली चावला और विकास का उपचार जारी है, जबकि प्रताप सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिप्सी चालक राकेश शर्मा के वाहन को कार ने टक्कर मारी थी। पुलिस कार चालक की पहचान कर उसे हिरासत में लेने की तैयारी कर रही है।





