
खबरों की दुनिया, कालाढूंगी
कोटाबाग-बैलपड़ाव मोटर मार्ग में शुक्रवार को कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार है।
शाम करीब पांच बजे, हिमाशुं टम्टा (30 वर्ष) पुत्र आनंद प्रकाश निवासी सैमलचौड़, बैलपड़ाव, अपनी बाइक से पवलगढ़ जा रहे थे। चांदनी डिपो के पास विपरीत दिशा से आ रही फिगो कार ने सीधे टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद हिमाशुं हवा में उछलकर जंगल में जा गिरे। टक्कर के बावजूद कार ने बाइक को लगभग 70 मीटर तक घिसिटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक उपचार केन्द्र बैलपड़ाव पहुंचाया। बाद में उन्हें रामनगर हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हिमाशुं के दोनों हाथ-पैर टूटने और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। हादसा इतना भयंकर था कि बाइक और कार दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। ग्राम प्रधान आशु छिम्वाल ने बताया कि मृतक का परिवार मेहनत-मजदूरी करता है और हिमाशुं तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। चौकी प्रभारी राजवीर नेगी ने कहा कि मामले की जांच जारी है।




