पाकिस्तान से फोन कर दी ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी

खबरों की दुनिया, सितारगंज

यूएई में ट्रांसपोर्टेशन कारोबार में ट्रैकों के आदान-प्रदान और लेन-देन को लेकर उपजे विवाद के चलते फोन पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने पंजाब निवासी व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिक की दर्ज की है।

गांव कौंधा अशरफ, सितारगंज निवासी गुरदेव सिंह ने बताया कि वह अपने भाई जसवीर के साथ दुबई (यूएई) में रहता है। वहां उसका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। वहीं, पंजाब निवासी अवतार सिंह जो अबू धाबी (यूएई) में रहता है। उसका भी यूएई में ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। बताया कि ट्रांसपोर्टेशन के लिए अक्सर उससे ट्रकों का आदान-प्रदान होता था। इसी बीच लेनदेन को लेकर उसका अवतार सिंह से विवाद हो गया।

इसी विवाद के चलते अवतार सिंह ने उसके भाई जसवीर सिंह और भतीजे सलमोन सिंह को डराया, धमकाया और दोनों को जान से मारने की धमकी दी। तो भाई ने अबू धाबी पुलिस से उसकी शिकायत की। जिस पर अबू धाबी कोर्ट ने अवतार सिंह को तीन महीने की सजा के साथ 51 हजार देहराम का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही उसे अबू धाबी से डिपोर्ट करने का आदेश भी जारी कर दिया। आरोप लगाया कि इसके बाद से अवतार सिंह लगातार उसे व उसके भाई पर अबू धाबी कोर्ट में चल रहे केस को वापस लेने का दबाव बना रहा है। जिसके चलते अवतार ने 15 जनवरी को पाकिस्तान में रहने वाले किसी व्यक्ति से फोन करवा कर उसे, उसके भाई व उसके परिजनों को ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी दिलवाई है। उसे भय है कि आरोपी अवतार सिंह उसे व उसके परिवार को भविष्य में नुकसान पहुंचा सकता है। सीओ बीएस धौनी ने बताया कि गुरदेव सिंह की तहरीर पर पंजाब निवासी अवतार सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 351 (3) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की विवेचना की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें