
खबरों की दुनिया, रुद्रपुर
कोतवाली इलाके में बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब बेखौफ होकर गोलीबारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गुरुवार की देर रात्रि साढ़े 11 बजे गांव भूरारानी इलाके में हुई। जहां बाइक सवार बदमाशों ने कार सवार को निशाना बनाते हुए तमंचे से फायर झोंक दिया। गनीमत यह रही कि गोली शीशे को चीरते हुए बाहर निकल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड-32 भूरारानी के रहने वाले राकेश साहनी ने बताया कि 5 मार्च की रात्रि साढ़े 11 बजे वह अपनी कार संख्या यूके-07 बीजे-4310 से अपने दोस्त के साथ घर लौट रहा था। अचानक बाइक पर सवार दो युवक पीछा करते हुए आये और कार को ओवरटेक करना शुरू कर दिया। जब कार की गति धीमी की तो बाइक पर बैठे एक युवक ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। गोली शीशा चीरते हुए सामने से निकली और वह बाल-बाल बच गया। बाइक सवार मौके से फरार हो गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी कोई रंजिश भी नहीं है। उन्होंने संदेह जताया कि उसकी हत्या करना ही बाइक सवार का मकसद हो सकता है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।



