पेमेंट न मिलने पर बाउंसरों का हंगामा, स्टेडियम का गेट बंद कर खिलाड़ियों की बसें रोकीं

अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में मैच के बाद विवाद, बातचीत के बाद खुला गेट

खबरों की दुनिया, हल्द्वानी

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम गौलापार में सोमवार को मैच खत्म होने के बाद अचानक हंगामा खड़ा हो गया। स्टेडियम में तैनात बाउंसरों ने भुगतान न मिलने का आरोप लगाते हुए मुख्य गेट बंद कर दिया। इस दौरान खिलाड़ियों की बसें भी परिसर के अंदर ही फंस गईं और कुछ समय तक किसी को बाहर नहीं जाने दिया गया।

बाउंसरों का कहना था कि उन्हें ड्यूटी के बदले अब तक मेहनताना नहीं मिला है। नाराज बाउंसरों ने मुख्य गेट पर धरना देते हुए साफ कर दिया कि जब तक भुगतान नहीं होगा, गेट नहीं खोला जाएगा और न ही कोई वाहन बाहर जाएगा। मैच समाप्त होने के बाद खिलाड़ी होटल लौटने के लिए बसों में बैठ चुके थे, लेकिन गेट बंद होने के कारण उनकी बसें स्टेडियम के भीतर ही खड़ी रहीं। इससे खिलाड़ियों और आयोजन से जुड़े अधिकारियों को भी इंतजार करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही आयोजन समिति और प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और बाउंसरों से बातचीत की। काफी देर तक चली वार्ता के बाद मामला शांत हुआ। आयोजन समिति द्वारा भुगतान का आश्वासन दिए जाने के बाद बाउंसरों ने गेट खोल दिया, जिसके बाद खिलाड़ियों की बसें बाहर निकल सकीं।इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कुछ देर के लिए स्टेडियम में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठते नजर आए।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें