कांटे के मुकाबले में भाजपा की दीपा दरम्वाल जिपं अध्यक्ष बनीं

उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की देवकी बिष्ट की जीत

खबरों की दुनिया, नैनीताल

जिला पंचायत अध्यक्ष  व उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचन आयोग ने परिणाम जारी कर दिए हैं। घोषित नतीजों के अनुसार भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को बेहद करीबी मुकाबले में हराया। कुल 22 सदस्यों ने मतदान किया था, जिनमें से भाजपा प्रत्याशी को 11 और कांग्रेस प्रत्याशी को 10 वोट मिले। वहीं, एक वोट अमान्य घोषित कर दिया गया। इस तरह दीपा दरम्वाल मात्र एक वोट से विजयी बनीं। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस ने अपनी पकड़ बनाए रखी है। कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष चुनी गईं। इस परिणाम के बाद जिले की सियासत में भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों को आंशिक सफलता मिली है। सहायक निर्वाचन अधिकारी डॉ. डीसी जोशी ने भाजपा की विजय प्रत्याशी दीपा दरम्वाल को प्रमाण-पत्र दिया। नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष चुनाव परिणाम घोषित होने से पूर्व सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कलेक्ट्रेट और कोषागार परिसर को छावनी में तब्दील कर पुलिस बल की तैनाती की गई। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिसकर्मी पैदल गश्त करते रहे, वहीं आसमान से निगरानी के लिए ड्रोन कैमरे भी लगाए गए। परिणाम घोषित होने से पहले प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रहे। सुरक्षा घेरे में मतदान केंद्र से लेकर परिसर के बाहर तक लगातार जांच की गई, ताकि माहौल शांतिपूर्ण और सुरक्षित बना रहे और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो।

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें