खबरों की दुनिया, काशीपुर
महुआखेड़ागंज में एक फैक्ट्री से मजदूरी कर लौट रहे युवक की डंपर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। घटना से मृतक के परिवार में मातम फैल गया है।
उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर के ग्राम करनपुर निवासी रामपाल (32) पुत्र जमुना प्रसाद पिछले 10-12 वर्षों से महुआखेड़ागंज में किराये के कमरे में रहकर नैनो फैक्ट्री में मजदूरी करते थे। शनिवार रात नाईट ड्यूटी पूरी करने के बाद रविवार सुबह वह बाइक से अपने कमरे लौट रहे थे। इसी दौरान महुआखेड़ागंज क्षेत्र में वीरपुर रोड, रजा पेट्रोल पंप के पास, अनियंत्रित डंपर ने तेज गति और लापरवाही से उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में रामपाल की मौके पर ही मौत हो गई। डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और डंपर सहित अन्य वाहनों को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे रामपाल के भाई सूरज ने बताया कि रामपाल महुआखेड़ागंज में फैक्ट्री में मजदूरी करते थे, जबकि उनका परिवार गांव में ही रहता है। रामपाल अपने पीछे पत्नी सुनीता, दो बेटियाँ शगुन (15) और संध्या (8), और दो बेटे अखिलेश (13) व हर्षित (11) को छोड़ गए हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया।





