खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर कोतवाली क्षेत्र के पीरुमदारा चौकी इलाके में चोरी और लूट की घटनाओं से स्थानीय लोग चिंतित हैं। शनिवार को ग्राम टांडा मल्लू में एक महिला अध्यापिका से मंगलसूत्र लूटने का मामला सामने आया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम टांडा मल्लू की निवासी अध्यापिका विजया लक्ष्मी सड़क किनारे पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों ने उनके गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। शिक्षिका के शोर मचाने पर जब तक लोग जमा होते, तब तक आरोपी बाइक से रफूचक्कर हो चुके थे। बताया जा रहा है कि लूटा गया मंगलसूत्र लगभग चार तोले सोने का है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। पीरुमदारा पुलिस चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि पीड़िता विजया लक्ष्मी टोटाम, जनपद अल्मोड़ा के एक स्कूल में अध्यापिका हैं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों और बाइक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।






