खबरों की दुनिया, खटीमा
बीती रात लोहियाहेड रोड पर एक बाइक सवार युवक साइकिल से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे वहां से गुजर रहे भाजपा नेता रंदीप पोखरिया ने तत्काल उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नगरा तराई चौड़ापानी निवासी रोहित धामी (19), पुत्र शेर सिंह शनिवार देर रात खटीमा से अपनी बाइक से घर लौट रहा था। सुखा पुल जंगल के पास उसकी बाइक एक साइकिल से टकरा गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। रोहित उप जिला चिकित्सालय में फार्मासिस्ट की अप्रेंटिस करने के साथ ही नगर स्थित एक मेडिकल स्टोर में काम करता था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। रोहित का बड़ा भाई दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि पिता बिजली का काम करते हैं। झनकईया थाने के प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र गौरव ने बताया कि जांच जारी है।



