पिकअप और कार की भिड़ंत में बरेली मेडिकल कॉलेज के छात्र व छात्रा गंभीर घायल

रिंगोड़ा के पास हुआ हादसा, बरेली रेफर

खबरों की दुनिया, रामनगर

शुक्रवार की प्रातः नेशनल हाईवे-309 पर रामनगर से आगे रिंगोड़ा के पास एक पिकअप वाहन और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान बरेली स्थित रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के पीजीजेआर सेकंड ईयर के छात्र-छात्रा डॉ. प्रस्तुति और डॉ. अभिषेक के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि दोनों डॉक्टर गिरिजा मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिंगोड़ा के पास सामने से आ रहे पिकअप वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय युवाओं ने मानवता दिखाते हुए तुरंत घायलों की मदद की और बिना देर किए उन्हें अपने निजी वाहन से रामनगर स्थित रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया।

रामदत्त संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. तोहिद ने बताया कि दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे हुई थी और 7:30 बजे दोनों घायलों को अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि दोनों घायल डॉक्टर हैं। महिला डॉक्टर डॉ. प्रस्तुति के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। सिर में गहरी चोट होने के कारण हड्डियां तक दिखाई दे रही थीं। अस्पताल में उनके सिर पर टांके लगाकर प्राथमिक उपचार किया गया।

वहीं, डॉ. अभिषेक के पैरों और कूल्हे में गंभीर चोटें आई हैं। डॉ. तोहिद ने बताया कि दोनों की हालत गंभीर होने और स्वयं घायलों के आग्रह पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए रुहेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। फिलहाल दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से बरेली भेज दिया गया है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें