
खबरों की दुनिया, नैनीताल
नैनीताल स्थित जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने का सिलसिला दूसरे दिन भी जारी रहा। सोमवार को मचे हड़कंप के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू भी नहीं की थी कि मंगलवार सुबह एक और धमकी भरे ईमेल ने फिर खलबली मचा दी। जिला जज के आधिकारिक ईमेल पते पर सुबह 7:11 बजे प्राप्त संदेश में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर में पहले से ही सी-4 आरडीएक्स से बने बम लगाए जा चुके हैं और वे सुबह 11:15 बजे विस्फोट करेंगे। ईमेल मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना पर डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जज चैंबर, अधिवक्ता कक्षों, पार्किंग स्थल तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों की सघन जांच शुरू की। एहतियात के तौर पर परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ईमेल में हमले की जिम्मेदारी तथाकथित रूप से लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (तमिल टाइगर्स ऑफ ईलम) और Inter-Services Intelligence (पाकिस्तान आईएसआई) द्वारा लेने का उल्लेख किया गया है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को भी जिला एवं सत्र न्यायालय के जिला जज के ईमेल पर इसी प्रकार का धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था, जिसके बाद आधे दिन तक न्यायिक कार्य बाधित रहा और पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। इस बीच पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र ने बताया कि अब तक की जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।
वहीं, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल ने बताया कि सुबह करीब 7 बजे जिला न्यायाधीश को ईमेल के माध्यम से न्यायालय को मानव बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर में सुरक्षा बढ़ाकर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। दोपहर बाद न्यायालय का कार्य सामान्य रूप से संचालित हुआ।



