धारी में एक और गुलदार हुआ पिंजरे में कैद

छह गुलदारों के पकड़े जाने के बाद भी आदमखोर की तलाश जारी

खबरों की दुनिया, नैनीताल

धारी क्षेत्र में गुलदार के बढ़ते आतंक के बीच वन विभाग को एक और सफलता हाथ लगी है। खुटियाखाल और गुनियालेख की सीमा से सटे जंगल में लगाए गए पिंजरे में एक वयस्क गुलदार पकड़ा गया है। इसके साथ ही अब तक क्षेत्र में कुल छह गुलदार पकड़े जा चुके हैं, लेकिन आदमखोर गुलदार की तलाश अब भी जारी है।

रेंजर विजय भट्ट ने बताया कि यह गुलदार कुछ दिन पूर्व लगाए गए पिंजरे में फंसा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए गुलदार को सुरक्षित रेस्क्यू कर रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया गुलदार पूरी तरह वयस्क है। गुलदार के पकड़े जाने की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली और वन विभाग की तत्परता की सराहना की। हालांकि विभाग ने साफ किया है कि खतरा अभी पूरी तरह टला नहीं है। लोगों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से जंगल अथवा सुनसान क्षेत्रों में न जाएं। गौरतलब है कि धारी क्षेत्र में अब तक दो महिलाओं तथा ओखलकांडा क्षेत्र में एक महिला को गुलदार अपना शिकार बना चुका है, जिससे ग्रामीण लंबे समय से भय और दहशत के माहौल में जी रहे हैं। वन विभाग द्वारा इलाके में कई पिंजरे और ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इसके साथ ही दिन-रात गश्त लगातार जारी है, ताकि आदमखोर गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके और क्षेत्रवासियों को स्थायी राहत मिल सके। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि वन विभाग की मुस्तैदी से जल्द ही आदमखोर गुलदार भी पकड़ में आएगा और क्षेत्र में सामान्य स्थिति बहाल होगी।

 

 

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें