
खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
कुमाउंनी इंवैट मैनेजर के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। आरोप है कि आरोपी ने उसे शादी का झांसा दिया और दुष्कर्म किया। बाद में वह शादी की बात से मुकर गया। पीड़िता फरियाद लेकर पुलिस के पास पहुंची, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद महिला को कोर्ट की शरण लेनी पड़ी और अब पुलिस को मामले में मुकदमा दर्ज करना पड़ा।
पीड़िता मुखानी थानाक्षेत्र का रहने वाली 40 वर्षीय महिला है और आरोपी कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास में किराए के कमरे में रहता है। आरोप है कि महिला किसी तरह रितेश जोशी के संपर्क में आई। रितेश ने उसे अपने जाल में फंसाया और उससे शादी का वादा किया। रितेश उसे अपने किराए के कमरे में ले गया, जहां उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का कहना है कि इसके बाद उसने शादी से इंकार कर दिया। मजबूरी में उसे कोतवाली पुलिस के पास जाना पड़ा। पुलिस ने तहरीर तो ले ली, लेकिन कार्रवाई नहीं की। पुलिस के चक्कर काट कर थकी महिला कोर्ट की शरण में पहुंची। कोर्ट ने शिकायत सुनी और कोतवाली पुलिस को मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए। कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि आरोपी पर दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।



