सरस आजीविका मेले से लौट रही महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप

देवर के साथ गई थी गांधी पार्क, असलहा दिखाकर धमकाने का आरोप

घटना के बाद कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

खबरों की दुनिया, रुद्रपुर 

रुद्रपुर में सरस आजीविका मेले से लौट रही एक महिला ने कुछ युवकों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के भदईपुरा निवासी महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 फरवरी की शाम वह अपने देवर के साथ गांधी पार्क में आयोजित सरस मेले में गई थी। रात करीब नौ बजे, जब दोनों पैदल घर लौट रहे थे, तभी दो बाइकों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। पीड़िता का आरोप है कि युवकों ने कथित रूप से असलहा दिखाकर दोनों को धमकाया और जबरन ठंडी सड़क स्थित एक सुनसान स्थान की ओर ले गए। वहां महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। महिला का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सोमवार दोपहर महिला ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

विरोध करने पर चोट पहुंचाने का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब उसने आरोपियों का विरोध किया तो उनमें से एक ने धारदार हथियार से उसके हाथ पर प्रहार किया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान वीडियो बनाकर उसे शिकायत न करने की धमकी दी गई।

देवर की भूमिका पर भी सवाल : पीड़िता ने अपने देवर की भूमिका पर भी संदेह व्यक्त किया है। उसका कहना है कि आरोपियों द्वारा रोके जाने के बाद देवर से अलग से बातचीत की गई और बाद में वह चुप रहा। महिला ने आशंका जताई है कि आरोपी उसके देवर के परिचित हो सकते हैं। पुलिस ने देवर से भी पूछताछ शुरू कर दी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे प्रश्न: घटना के बाद मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जहां मेले में बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ रही थी, वहीं पास के क्षेत्र में इस प्रकार की घटना होना सुरक्षा प्रबंधों पर प्रश्नचिह्न लगाता है। कोतवाल मनोज रतूड़ी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच और पूछताछ में घटना की पुष्टि के संकेत मिले हैं। गांधी पार्क से ठंडी सड़क तक लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से गंभीरता से जांच की जा रही है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें