होली पर कॉर्बेट के सभी पर्यटन जोन रहेंगे बंद

3 व 4 मार्च को सफारी व नाइट स्टे पर पूरी रोक

खबरों की दुनिया, रामनगर

होली पर्व के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जंगल की शांति व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क सहित उससे जुड़े बाहरी पर्यटन जोन 3 और 4 मार्च को पर्यटकों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेंगे। यह निर्णय हर वर्ष की भांति इस बार भी सुरक्षा और वन्यजीवों की शांति को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 मार्च को सुबह की जंगल सफारी निर्धारित समयानुसार संचालित होगी, लेकिन दोपहर की सफारी और नाइट स्टे पूरी तरह बंद रहेगा। 4 मार्च (होली) को सुबह और शाम दोनों पालियों की सफारी तथा नाइट स्टे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। 5 मार्च से सभी पर्यटन गतिविधियां पुनः सामान्य रूप से संचालित होंगी।

पार्क प्रशासन के अनुसार ढिकाला, बिजरानी, ढेला, दुर्गादेवी और गिरिजा पर्यटन जोन में इस अवधि के दौरान सफारी और रात्रि विश्राम बंद रहेगा। इसके अतिरिक्त रामनगर वन प्रभाग के अंतर्गत सीतावनी, कोटा और कालाढूंगी जोन भी पर्यटकों के लिए बंद रहेंगे। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो और हाथी डगर पर्यटन जोन में भी होली के अवसर पर प्रवेश पर रोक रहेगी।

कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के पार्क वार्डन बिंदर पाल सिंह ने बताया कि होली के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटक रामनगर और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचते हैं। कुछ लोग जंगल क्षेत्रों में अत्यधिक शोर-शराबा और अनुशासनहीन गतिविधियां करते हैं, जिससे वन्यजीवों की दिनचर्या प्रभावित होती है। इसे देखते हुए 3 और 4 मार्च को अवकाश की सूचना ऑनलाइन बुकिंग वेबसाइट पर पहले ही जारी कर दी गई थी।

वन विभाग के अनुसार यह निर्णय वन्यजीव संरक्षण, पर्यटकों की सुरक्षा तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

Harish Upreti Karan

पिछले 20 वर्षों से दैनिक जागरण, हिंदुस्तान व अमृत विचार में पत्रकार के रूप में कार्य करने के अलावा चार काव्य संग्रह प्रकाशित, आकाशवाणी रामपुर व अल्मोड़ा से विभिन्न रचनाओं का प्रसारण, हिंदी फिल्म "यंग बाइकर्स" के लिए गीत लेखन, पर्यटन विभाग के लिए बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म "चंपावत एक धरोहर" की स्क्रिप्ट राइटिंग, कुमाऊनी फिल्म "फौजी बाबू", "पधानी लाली", रंगमंच के विभिन्न नाटकों में अभिनय, कुमाऊनी गीत "पहाड़ छोड़ दे" और "काली जींस" का लेखन व गायन, फिल्म राइटर्स एसोसिएशन मुंबई का सदस्य

सम्बंधित खबरें