खबरों की दुनिया, हल्द्वानी
मुखानी थाना क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की जहरीला पदार्थ सेवन करने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस के अनुसार कुसुमखेड़ा, नारायण नगर निवासी 38 वर्षीय प्रदीप आर्य पुताई का काम करता था और अपने परिवार के साथ रहता था। बुधवार रात उसकी पत्नी, जो मायके गई हुई थी, से फोन पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि प्रदीप ने पत्नी को घर लौटने के लिए कहा, लेकिन उसके इनकार करने पर वह आक्रोशित हो गया। इसके बाद वह पास की दुकान से शराब लेकर आया और उसमें जहरीला पदार्थ मिलाकर पी गया।
कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे उपचार के लिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसके परिवार में एक 13 वर्षीय बेटा और पांच वर्षीय बेटी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
