
खबरों की दुनिया, रामनगर
रामनगर के एक होटल में ठहरी महिला के कमरे से लाखों रुपये के गहने चोरी होने की घटना ने शहर में हड़कंप मचा दिया। हालांकि होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों ने पुलिस के लिए अहम सुराग मुहैया कराया, जिसके आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा कर दिया। घटना बीते 5 फरवरी की है। दोपहर के समय डायल-112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली कि ढेला क्षेत्र स्थित रेड रूफ इन होटल के कमरे नंबर 109 से एक महिला का मंगलसूत्र और कान के कुंडल चोरी हो गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया। इसी दौरान शिकायतकर्ता आशीष बेलवाल, निवासी हल्द्वानी, स्वयं कोतवाली पहुंचे और मामले में लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
जांच के दौरान पुलिस ने होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध महिला की गतिविधियां सामने आईं। पूछताछ में महिला ने पहले अनभिज्ञता जताई, लेकिन सख्ती के बाद उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपी की पहचान शुभांगी पांडे निवासी वसुधा कॉटेज, मेलरोज कंपाउंड, मल्लीताल, नैनीताल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के बैग से सोने-हीरे का मंगलसूत्र, सोने-हीरे का एक कान का टॉप्स और 3,520 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार चोरी गए गहनों की कुल कीमत करीब 7 लाख 50 हजार रुपये थी, जिसमें से लगभग 6 लाख 75 हजार रुपये के गहने बरामद कर लिए गए हैं। कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने कम समय में मामले का खुलासा कर लिया।





