खबरों की दुनिया, अल्मोड़ा
दन्या थाना क्षेत्र में नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लड़की की अश्लील फोटो और वीडियो भी बनाई थी और उन्हें वायरल करने की धमकी दी थी। इसके अलावा आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया और विशेष टीम गठित कर आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, बीती 12 फरवरी को दन्या थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस में तहरीर दी। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी नाबालिग बेटी के साथ सुहैल नामक युवक ने दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व फोटो वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर दन्या थाने में आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 64(2)(M) और 351(3) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 5(1)/6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक हरवंश सिंह और क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में दन्या थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने सुरागरसी-पतारसी और संभावित ठिकानों पर दबिश दी।
चापड़ बैंड के पास से गिरफ्तारी :टीम ने आरोपी सुहैल को चापड़ बैंड के पास सड़क से जंगल की ओर जाते समय गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द ही कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा और किसी भी अपराध में शामिल आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी का नाम: सुहैल, पुत्र मोहम्मद युनुस, निवासी ग्राम बुढ़ानपुर, थाना भगतपुर, मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश)




