खबरों की दुनिया, हरिद्वार
हरिद्वार के मायादेवी मंदिर पार्किंग क्षेत्र में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुकर्म का प्रयास करने पर दूसरे युवक ने पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह के अनुसार, मायादेवी मंदिर पार्किंग में दो व्यक्तियों के बीच हुए विवाद में एक युवक ने दूसरे के सिर पर पत्थर से वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने स्वयं वादी बनकर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और विभिन्न माध्यमों से साक्ष्य जुटाते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। करीब 8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी संजीव (20), निवासी सिरसी रहमतपुर, थाना मैनाढेर, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) को ललतारा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 15 दिनों से मृतक के साथ कबाड़ का काम कर रहा था। घटना के दिन दोनों ने साथ में शराब पी थी। इसके बाद जब दोनों पेड़ के नीचे सो रहे थे, तभी मृतक ने उसके साथ गलत हरकत करने की कोशिश की। कई बार मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना, तो गुस्से में आकर उसने पास में पड़े पत्थर से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।
